भिलाई प्रेस क्लब में लालाजी को श्रद्धांजलि
न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर प्रबंधकारिणी की बैठक प्रेस क्लब अध्यक्ष शिवनाथ शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुयी। प्रेस क्लब भवन (नेहरू भवन) सुपेला में आयोजित इस बैठक में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार व साहित्यकार लाला जगदलपुरी के असामयिक दिवंगत होने पर शोक श्रद्धांजलि व्यक्त की गई। भिलाई जैसे सुसंस्कृत व शांतिप्रिय शहर में गैंगरेप जैसी घृणित घटना के साथ ही मुम्बई में महिला प्रेस फोटोग्राफर के साथ हुए दुष्कर्म की कड़ी निंदा की गई। पत्रकारों ने कहा कि भिलाई जैसी नगरी में इस प्रकार की घटनाएं समाज को चैन से नहीं बैठने देंगी। इस मामले में शासन-प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि पत्रकार वार्ताओं के आयोजन से लेकर अन्य समस्त गतिविधियां अब प्रेस क्लब भवन में संचालित होंगी। इसके साथ आमने-सामने का कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें शहर के आर्थिक विकास, साहित्य, कला, संस्कृति व संगीतादि के साथ प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक, शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विज्ञ जनों को प्रेस से रूबरू कराया जाएगा। पत्रकारों को रियायती दर पर भूखंड आबंटन व पत्रकार कालोनी फेस-2 को विकसित करने के लिए राज्य शासन से विशेष पहल करने की बात की गई। क्लब के सदस्यों का सामूहिक बीमा किये जाने तथा स्मार्ट कार्ड योजना के लिए पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया व कामना की कि भिलाई का प्रेस क्लब निरंतर पत्रकारों के कल्याण व शहर के विकास में अपनी भागीदारी का निर्वाहन करता रहे।
प्रेस क्लब की अनोखी रचनात्मक पहल
प्रेस क्लब अध्यक्ष शिवनाथ शुक्ला की पहल पर अनोखी व रचनात्मक शुरूआत की जा रही है, जिसमें प्रेस से मिलिये व आमने-सामने के कार्यक्रमों में दर्शक दीर्घा की व्यवस्था होगी। इस दर्शक दीर्घा में चयनित विद्यालयों के पत्रकारिता में रूझान रखने वाले हायर सेकेण्डरी स्तर व पत्रकारिता महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। पत्रकारिता के क्षेत्र में नई पौध को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भिलाई प्रेस क्लब द्वारा शुरू किये जा रहे इस अभिनव योजना में सम्मिलित होने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर उत्साहित किया जाएगा। इस बैठक में प्रमुख रूप से प्रेस क्लब महासचिव खिलावन सिंह चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुबोध तिवारी, कोषाध्यक्ष अशोक पण्डा, उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, संजय पाण्डेय, कार्यालय सचिव राजेश अग्रवाल, सचिव विजय दुबे, एवं विनोद घोष, सह सचिव जे. एम. ताण्डी, कार्यकारिणी सदस्य मनोज अग्रवाल, बहादुर खान, दिनेश चौहान आदि उपस्थित थे।