भिलाई में प्रेस क्लब भवन का हुआ शुभारम्भ
भिलाई की पत्रकार बिरादरी को बहुत-बहुत बधाई ! इसलिए, कि न्यू प्रेस क्लब ऑफ़ भिलाई को अपना भवन मिल गया। स्वतंत्रता दिवस के दिन भिलाई के ऐतिहासिक स्थल 'नेहरू भवन' को नगर निगम द्वारा प्रेस क्लब को समर्पित किया गया। यहाँ सबसे पहले प्रातः ८. ३० बजे प्रेस क्लब अध्यक्ष शिवनाथ शुक्ल ने वरिष्ठ पत्रकारों के साथ नगर निगम आयुक्त व अन्य अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों व गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अपने सन्देश में शुक्ल ने कहा कि भिलाई में पत्रकारिता का गौरवशाली इतिहास रहा है। यहाँ भारत, रूस से लेकर अनके देशों के राजनेता, खिलाडी, पत्रकार-साहित्यकार, कलाकार आदि आते रहे हैं। साथ ही एशिया का विश्व प्रसिद्ध इस्पात कारखाना भी यहाँ स्थापित है। इसलिए प्रेस क्लब का अपना विशेष महत्व है। हम पर स्वयं में परिष्कार करते हुए शहर को नयी पहचान दिलाने का जिम्मा भी है।तत्पश्चात वरिष्ठ संपादक शिव श्रीवास्तव ने शुभारम्भ-पट्टिका का अनावरण कर प्रेस क्लब भवन का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि भिलाई में प्रेस क्लब निरंतर रचनात्मक कार्यों की और अग्रसर है। यह ऐतिहासिक पल पत्रकारिता के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जायेगा। पत्रिका भिलाई संस्करण के संपादक श्री महेन्द्र सिंह शेखावत व नई दुनिया के न्यूज़ एडिटर श्री मयंक चतुर्वेदी ने प्रेस क्लब की गतिविधियों की तारीफ करते हुए कहा कि आदर्श पत्रकारिता से ही मज़बूत लोकतंत्र का निर्माण हो सकता है। वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल मजीद, बी डी निज़ामी, मिथलेश ठाकुर ने प्रेस क्लब के उत्तरोत्तर प्रगति की तारीफ की। प्रेस क्लब महासचिव खिलावन सिंह चौहान ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेस क्लब भवन में सारी सुविधाएँ मौजूद रहेंगी। कार्यालय सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि अब क्लब की सारी गतिविधियाँ यहीं से संचालित होंगी।
नगर निगम के आयुक्त श्री अनिल टुटेजा प्रेस क्लब भवन को मूर्त रूप में सामने देख प्रसन्नता से भर उठे। बोले कि भिलाई का प्रेस उत्तरोत्तर प्रगति करे यही कामना है। नगर निगम के जन संपर्क अधिकारी श्री अशोक पहाड़िया ने भी अपनी शुभकामनायें दी।
प्रेस क्लब भवन पहुँच कर वैशाली नगर के विधायक भजन सिंह निरंकारी, मेयर श्रीमती निर्मला यादव, विजय यादव, बृज जीवन राय सहित अनेकों लोगों ने पत्रकारों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। सञ्चालन प्रेस क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुबोध तिवारी ने किया। प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष अशोक पंडा, उपाध्यक्ष संजय पांडे, अनिल गुप्ता, शहर के पत्रकार प्रदीप सान्याल, राजेंद्र भारती गोस्वामी, मोहन साहू, मुकेश तिवारी, आर बी केशरवानी, तनवीर अहमद, अनूप कुमार जायसवार, रत्नाकर अल्वा, अनुभूति भाकरे, अमित नगरकर, राधामोहन मिश्र, सर्वेश सिंह सोनू, जोगिन्दर सिंह, बी एम दास, योगेश वर्मा, केदार महानंद, सुरेन्द्र सिंह विराट सहित अनेकों पत्रकार उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment